Income Tax Raid: आज सुबह से ही दिल्ली, एनसीआर, कानपुर, लखनऊ, कोलकाता समेत कई राज्यों और जिलों में ज्वेलर्स/सराफा डीलरों के ठिकानों पर इनकम टैक्स की छापेमारी जारी है. कानपुर में राधा मोहन पुरुषोत्तम दास ज्वैलर्स और एमराल्ड गार्डन हाउसिंग सोसाइटी के प्रमोटर संजीव झुनझुनवाला के 17 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया है.
कानपुर, लखनऊ में 17 ठिकानों पर इनकम टैक्स की टीमें सुबह से ही टैक्स चोरी के दस्तावेज खंगाल रही हैं. इनकम टैक्स ने गुरुवार सुबह सर्राफा व्यापारी बंधुओं के आवास पर छापा मारा. जिसमें एक भाई की दुकान सराफा चौक में है जबकि दूसरे भाई का शोरूम बिरहाना रोड पर है. दोनों का सिविल लाइंस में अलग-अलग आवास है.
अधिकारियों ने गुरुवार सुबह उसके ठिकाने पर संयुक्त अभियान चलाया. मिली जानकारी के मुताबिक, कानपुर के अलावा लखनऊ, दिल्ली और कोलकाता में भी उनके शोरूम पर छापेमारी की गई है. पहले दोनों भाई चौक में एक साथ कारोबार करते थे लेकिन बाद में बड़े भाई ने बिरहाना रोड में अपना कारोबार अलग कर लिया.
इन दोनों कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी जारी है. चौक में कारोबार करने वाले भाई का लखनऊ के फैजाबाद रोड पर भी शोरूम है. इसके साथ ही दोनों भाई कुछ समय तक प्रॉपर्टी के काम से भी जुड़े रहे. एक भाई जाजमऊ कस्बे में और दूसरा भाई नवाबगंज इलाके में काम करता था.