Indore News: ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों से छेड़छाड़, पुलिस ने बाइक सवार बदमाशों को खदेड़ा, मचा हड़कंप


स्टोरी हाइलाइट्स

Indore news: महिला वनडे विश्व कप के मैच इंदौर में खेले जा रहे हैं, ऑस्ट्रेलियाई टीम इस समय इंदौर में है, जहाँ ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों को बदमाशों द्वारा छेड़छाड़ का सामना करना पड़ा..!!

इंदौर शहर में चल रहे आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप में भाग ले रही ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम की दो खिलाड़ियों के साथ छेड़छाड़ की गई। दोनों खिलाड़ी महिला क्रिकेट में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध हैं। होटल रेडिसन ब्लू से एक कैफ़े जाते समय, दोनों खिलाड़ियों के साथ न केवल छेड़छाड़ की गई, बल्कि बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें अनुचित तरीके से टच भी किया।

इस घटना से दोनों खिलाड़ी डर गईं और उन्होंने सुरक्षा अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद, भारत और ऑस्ट्रेलिया के अधिकारी स्तब्ध रह गए। सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस की शिकायत के आधार पर, एमआईजी पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज की है।

यह घटना गुरुवार 24 अक्टूबर सुबह करीब 11 बजे खजराना रोड पर हुई। दो ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटर एक कैफ़े (द नेबरहुड) की ओर जा रही थीं। सफेद शर्ट और काली टोपी पहने एक बाइक सवार ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। वह तेज़ी से उनके पास पहुँचा और एक महिला क्रिकेटर को गलत तरीके से छुआ।

इस घटना से दोनों खिलाड़ी स्तब्ध रह गईं और उन्होंने तुरंत ऑस्ट्रेलियाई टीम के सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस से संपर्क करने की कोशिश की। खिलाड़ियों की बेचैनी देखकर कार में बैठा एक व्यक्ति आगे आया और उनकी मदद की।

उन्होंने दोनों खिलाड़ियों का हालचाल पूछा और पुलिस अधिकारियों को बुलाकर पूरी घटना की जानकारी दी। विदेशी खिलाड़ियों से जुड़ी इस घटना से पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल अधिकारी डैनी सिमंस की ओर से एक आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस ने शुक्रवार 24 अक्टूबर को FIR दर्ज कर ली है।