मध्यप्रदेश में 3 सालों में औद्योगिक निवेश करीब दो हजार करोड़ घट गया है। प्रदेश में जल्द होने जा रही इन्वेस्टर्स समिट से पहले उद्योग, संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग की रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है। 

विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक मध्यप्रदेश में साल 2019 में जनवरी से जुलाई तक करीब 6322 करोड़ का औद्योगिक निवेश हुआ था जबकि इसी अवधि में इस साल केवल 4285 करोड़ का औद्योगिक निवेश मध्यप्रदेश में हुआ है।  

रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर भारत की तुलना में दक्षिण भारत निवेशकों की पसंद बना हुआ है। इस साल अकेले आंध्रप्रदेश में ही उत्तरप्रदेश, बिहार और मध्यप्रदेश के कुल निवेश का तीन गुना औद्योगिक निवेश हुआ है।  

रिपोर्ट के मुताबिक इस साल जनवरी से जुलाई तक देश में कुल 1.71 लाख करोड़ रुपए का औद्योगिक निवेश हुआ है।  इसमें से करीब 77 हजार करोड़ का निवेश सिर्फ आंध्रप्रदेश और ओडिशा में हुआ है।