IPL के 19वें सीजन का आगाज शनिवार 28 मार्च से होने जा रहा हैा। पहला मैच डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच खेला जाएगा। मैच बेंगलुरु के होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। जबकि टॉस 7:00 बजे होगा।
बेंगलुरु ने पिछले सीजन पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला खिताब जीता था। वहीं, हैदराबाद प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी थी। टीम छठे नंबर पर रही। आरसीबी और हैदराबाद के बीच अब तक 25 मुकाबले खेले गए। इसमें से 13 मैच हैदराबाद ने जीते, जबकि 11 मुकाबलों में बेंगलुरु को जीत मिली।
एक मुकाबला टाई रहा, जिसे आरबीसी ने सुपर ओवर में अपने नाम किया था। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में दोनों टीमों का 8 बार सामना हुआ। इसमें 5 बार आरसीबी और 3 बार एसआरएच को जीत मिली।
आरसीबी तीनों डिपार्टमेंट में बैलेंस्ड
बेंगलुरु की टीम बैटिंग, बॉलिंग और ऑलराउंडर तीनों डिपार्टमेंट में बैलेंस्ड है। बैटिंग में विराट कोहली और फिल सॉल्ट जैसे शानदार ओपनर हैं। वहीं, देवदत्त पडिक्कल के लिए घरेलू सीजन कमाल का रहा है। पडिक्कल या वेंकटेश अय्यर इस बार नंबर तीन पर खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं।
मिडिल ऑर्डर में टिम डेविड और जितेश शर्मा ने भी आईपीएल 2025 में अपनी आतिशी बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया था। वहीं, रोमारियो शेफर्ड और क्रुणाल पांड्या से इस सीजन भी टीम को धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वेंकटेश अय्यर के आने से टीम का बैटिंग ऑर्डर अब और भी ज्यादा संतुलित दिख रहा है। जोश हेजलवुड की गैरमौजूदगी में भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम और जैकब डफी अहम बॉलर होंगे।
एसआरएच का टॉप ऑर्डर मजबूत
हैदराबाद एक बार फिर अपने टॉप ऑर्डर पर निर्भर होगी। अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड और ईशान किशन से हैदराबाद को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान शुरूआती मुकाबलों में कप्तानी करते नजर आएंगे। हेनरिक क्लासन पिछले सीजन टीम से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे।
फिनिशर के तौर पर अनिकेत वर्मा ने आईपीएल 2025 में प्रभावित किया था। नीतीश रेड्डी और लियम लिविंगस्टन से भी हैदराबाद टीम को काफी उम्मीदें होंगी। टीम का बॉलिंग यूनिट कमजोर नजर आ रहा है। कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान मलिंगा, हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट तेज गेंदबाजी अटैक की कमान संभालेंगे।
पुराण डेस्क