मध्यप्रदेश के परिवहन विभाग में काली कमाई का एक और खुलासा हुआ है। जबलपुर में पदस्थ सहायक परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) संतोष पॉल के घर EOW की टीम ने देर रात छापेमारी की। इस छापेमारी में संतोष पॉल और उनकी पत्नी की आय से 650 गुना अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ है। छापेमारी अभी जारी है।
एआरटीओ के घर से फिलहाल 16 लाख रुपए नगद और सोने चांदी के जेवरात के साथ कई बेनामी संपत्तियों के कागजात बरामद हुए हैं। छापेमारी करने गई टीम एआरटीओ के 10 हज़ार स्क्वायर फीट में बने आलीशान मकान और उसमें मौजूद लग्जरी चीजों को देखकर दंग रह गई।
बताया यह भी जा रहा है कि एआरटीओ संतोष पॉल को छापे की भनक पहले ही लग गई थी। ऐसे में कुछ अहम दस्तावेज और नगदी पहले ही छुपाने का प्रयास किए जाने की भी खबर है।
ARTO संतोष पॉल की पत्नी रेखा पाल भी व एआरटीओ कार्यालय में लिपिक हैं। वही आज एआरटीओ के बैंक लॉकर और बैंक खातों का भी खुलासा हो सकता है। सत्यापन में आये साक्ष्यों के आधार पर संतोष पाल एवं उनकी पत्नि रेखा पाल की अर्जित संपत्ति वैध स्त्रोतों से प्राप्त आय की तुलना में 650 प्रतिशत होना पाया गया हैं।