मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। लिस्ट में तीन केंद्रीय मंत्रियों समेत सात सांसदों के नाम हैं। लिस्ट में सबसे ज्यादा चौंकाने वाला नाम भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का है। कैलाश विजयवर्गीय को इंदौर-1 निर्वाचन क्षेत्र से टिकट दिया गया है। जहाँ उनका मुकाबला कांग्रेस के विधायक संजय शुक्ला से संभावित है।
लिस्ट में अपना नाम होने से कैलाश विजयवर्गीय भी हैरान दिखे। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि यह पार्टी का आदेश है। मुझसे कहा गया कि मुझे काम सौंपा जाएगा और मैं 'ना' नहीं कहूंगा और मुझे यह करना होगा। जब टिकट की घोषणा हुई तो मैं भी हैरान रह गया। मैं पार्टी का सिपाही हूं। वे जो कहेंगे, मैं करूंगा।
कैलाश विजयवर्गीय ने आगे कहा कि मैं चुनाव नहीं लड़ना चाहता था लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने परसों मुझे कुछ दिशा-निर्देश दिए। मैं असमंजस में था और घोषणा होने के बाद मैं आश्चर्यचकित रह गया। मेरा सौभाग्य है कि मुझे चुनावी राजनीति में भाग लेने का अवसर मिला और मैं पार्टी की अपेक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करूंगा। कैलाश विजयवर्गीय की टिकट दिये जाने की घोषणा के बाद इंदौर में उनके समर्थकों ने जश्न मनाया।