भोपाल: हुजूर के 76 गांवों में दशकों पुरानी पानी की समस्या का स्थायी हल होने जा रहा है। 91 करोड़ की केरवा जल परियोजना द्वारा डेढ़ लाख लोगों को घर पर ही नल से जल की सप्लाई की जाएगी। यह योजना वैसे तो 24 माह में पूरी होगी, लेकिन इसे लेकर ग्रामीणों में खासतौर से महिलाओं में, गजब का उत्साह है।
76 गांव की इन महिलाओं को सालों से दूरस्थ स्थानों से पानी ढ़ो कर लाना पड़ता था। लेकिन केरवा जल परियोजना के आने से इन्हें घर पर ही पानी मिलेगा। इसी खुशी में शुक्रवार को 76 गांवों में एक साथ महिलाओं के द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। महिलाएं अपने घरों से पानी भर कर गांव के देवस्थान पर पहुंची और जहां उन्होंने कलश का पूजन किया। 18 दिसम्बर को नीलबड़ में आयोजित भूमिपूजन में प्रत्येक गांव से एक कलश लाया जाएगा।
बता दें कि 18 दिसंबर को 91 करोड़ की लागत से बहुप्रतिक्षित केरवा ग्रामीण पेयजल परियोजना में जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर-घर नल से जल योजना का भूमि पूजन प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किया जाएगा। 24 माह में इस योजना को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
यात्रा में शामिल होने पहुंचे विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि हुजूर में गिरते जलस्तर के चलते जलसंकट बड़ी समस्या बन रहा था। लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी कि उन्हें पीने योग्य शुद्ध पानी आसानी से उपलब्ध हो सके। उनकी समस्या के समाधान के लिए अब हुजूर में 91 करोड़ की केरवा जल परियोजना के द्वारा हर-घर में नल से जल दिया जाएगा। यह परियोजना 2 साल में पूरी हो जाएगी जिसके बाद क्षेत्र की माताओं-बहनों को पीने का पानी के लिए कहीं भटकना नहीं पड़ेगा।
उन्होंने आगे कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी व प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी सदैव जनता के हित के लिए तत्पर रहते हैं। उन्हीं से प्रेरणा लेकर मैं भी सदैव प्रयास करता हूँ कि मेरे क्षेत्र की जनता की हर समस्या का समाधान कर सकूँ।
कलश पूजन को लेकर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि ये तो हमारी संस्कृति है कि किसी भी शुभ कार्य से पहले कलश का पूजन किया जाता है। कलश में समस्त नदियों, सागर और देवताओं का वास होता है। इसके पूजन से समस्त देवताओं का पूजन हो जाता है।
इसलिए 76 गावों में जहां नल से जल पहुंचेगा वहां की महिलाओं ने कलश का पूजन कर यात्रा निकाली है। इन सभी गांवों से पूजन किए गए 76 कलशों को भूमिपूजन वाले दिन एकत्र कर पूजन में रखा जाएगा। विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि आज कलश यात्रा के दौरान महिलाओं की प्रसन्नता ही इस योजना की सफलता दिखा रही थी।
महिलाएं बोलीं- एक बेटे ने अपना वादा पूरा किया
कलश यात्रा में शामिल महिलाओं में काफी उत्साह था। महिलाएं मंगल गीत गा रही थी। परियोजना की खुशी को गांवों में पर्व जैसे मनाया जा रहा है। चर्चा के दौरान महिलाओं ने बताया कि, यह खुश होने का पल है। पीने के लिए शुद्ध पानी को लेकर हम दशकों से परेशान हो रहे हैं। अब हमारी बहु- बेटियों को तो परेशान नहीं होना पड़ेगा। उन्हें घर पर ही पानी मिलेगा। महिलाओं ने हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा की भी जमकर तारीफ की। उनका कहना था कि एक बेटे ने अपना वादा पूरा किया।
215 करोड़ की सौगातों के साथ नीलबड़ आ रहें है CM शिवराज-
18 दिसम्बर को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान नीलबड़ में 215 करोड़ की सौग़ातों में 91 करोड़ की केरवा जल परियोजना, 60 करोड़ से प्रधानमंत्री आवास, 40 करोड़ की नीलबड़ से बड़झिरी तक 4-लेन सड़क व 24 करोड की लागत से अन्य अंदरूनी सड़कों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे।
भूमिपूजन को लेकर गुरुवार को विधायक रामेश्वर शर्मा ने भोपाल कलेक्टर के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर नीलबड़ में तैयारियाँ तेज हो गई हैं। जगह-जगह पोस्टर बैनर के माध्यम से स्थानीय लोग व कार्यकर्ता मुख्यमंत्री एवं विधायक शर्मा का आभार कर रहे हैं।