लोको पायलटों का किलोमीटर भत्ता 25% बढ़ा,  दो लाख रेलकर्मियों को फायदा


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

बोर्ड ने उनके किलोमीटर भत्ते (केए) में 25 प्रतिशत बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है, यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2024 से लागू मानी जाएगी, यह फैसला कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद लिया गया..!!

रेलवे बोर्ड ने लोको पायलटों और ट्रेन संचालन से जुड़े कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। बोर्ड ने उनके किलोमीटर भत्ते (केए) में 25 प्रतिशत बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2024 से लागू मानी जाएगी। यह फैसला कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद लिया गया है। 

पिछले दो साल से रेलवे के कर्मचारी संगठन इस भत्ते को बढ़ाने की मांग कर रहे थे और इसके लिए कई बार विरोध प्रदर्शन भी किए गए। रेलवे के आदेश के मुताबिक, जब 1 जनवरी 2024 से महंगाई भत्ता (डीए) 50 प्रतिशत बढ़ाया गया, तब से ही किलोमीटर भत्ता बढ़ाने का मामला भी विचाराधीन था। अब इसे मंजूरी दे दी गई है। 

इस फैसले से करीब दो लाख रेलवे कर्मचारी लाभान्वित होंगे। रेलवे में बाकी कर्मचारियों को यात्रा भत्ता (टीए) मिलता है, जबकि लोको पायलट और रनिंग स्टाफ को किलोमीटर भत्ता दिया जाता है। टीए पहले ही बढ़ चुका था, लेकिन केए अब बढ़ाया गया है। 

जानकारी के अनुसार, किलोमीटर भत्ता मूल वेतन के 30 प्रतिशत और 20 दिन के यात्रा भत्ते के आधार पर तय किया जाता है।