शक्ति के आराधना का पर्व नवरात्रि बड़े ही धूमधाम से सम्पन्न होने जा रहा है। नवरात्रि की अष्टमी और नवमी को सभी अपनी कुलदेवी का पूजन कर कन्या भोज कराते हैं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी हर वर्ष नवरात्रि के अवसर पर कन्या भोज का आयोजन करते हैं लेकिन इस बार मुख्यमंत्री आवास में होने वाला महानवमी का आयोजन वृहद स्वरूप में होने जा रहा है।

सीएम आवास में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं उनकी धर्म पत्नी साधना सिंह महानवमी के अवसर पर 350 से अधिक कन्याओं के पैर पखारेंगे, इस अवसर पर वृहद कन्या भोज का आयोजन किया गया है। सभी कन्याएं भोपाल शहर की 6 विधानसभा क्षेत्रों से रहेंगी। जिसमें हर विधानसभा से लगभग 50-60 कन्याएं शामिल होंगी। इस दौरान कन्याओं का भव्य स्वागत सत्कार होगा, मंडलियों द्वारा भजनों का गायन भी होगा।  

शहर के सभी 6 भाजपा प्रत्याशी भी रहेंगे मौजूद
कन्या पूजन के दौरान भोपाल शहर के भाजपा के सभी 6 विधानसभा प्रत्याशी भी उपस्थित रहकर कन्या पूजन एवं कन्या भोज में सहभागिता करेंगे, जिसमें गोविंदपुरा विधानसभा प्रत्याशी कृष्णा गौर, हुजुर विधानसभा प्रत्याशी रामेश्वर शर्मा, नरेला विधानसभा प्रत्याशी विश्वास सारंग, भोपाल उत्तर से आलोक शर्मा, दक्षीण-पश्चिम विधानसभा प्रत्याशी भगवानदास सबनानी और मध्य विधानसभा से ध्रुव नारायण सिंह उपस्थित रहेंगे।