केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इन दिनों अपने गृह जिले ग्वालियर-चंबल के दौरे पर हैं। इन दिनों वह रोजाना विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर उनकी समस्याएं और मांगें सुनते हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह आदिवासियों के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं।

दरअसल, यह वीडियो गुना के सिमरोद गांव का है, जहां सिंधिया एक आदिवासी सम्मेलन में शामिल हुए थे। आदिवासी समाज के कार्यक्रम में उनका एक अलग ही रूप देखने को मिला। आदिवासी कलाकारों द्वारा अपनी जनजाति का लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाने को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंच से देखा। उनके मंत्रमुग्ध कर देने वाले नृत्य और संगीत को सुनकर सिंधिया खुद को रोक नहीं पाए और उनके साथ नृत्य करने के लिए मंच से नीचे उतर गए। यह देख कार्यक्रम में मौजूद हजारों आदिवासियों के चेहरों पर हंसी खिल गई।

सिंधिया काफी देर तक आदिवासी लोक नर्तकों के साथ डांस करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने आदिवासियों के इतिहास को गौरवशाली बताया। आदिवासी सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता आदिवासी समाज के विकास, उनकी प्रगति और राष्ट्र के प्रति योगदान के संकल्प के साथ काम कर रहा है।

आपको बता दें कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर केंद्रीय मंत्री लगातार अपने व्यस्त मंत्रालय के काम से समय निकालकर अपने निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। बीजेपी का इन दिनों आदिवासी समाज पर खास फोकस है क्योंकि राजनीतिक पंडितों के मुताबिक राज्य में सत्ता की चाबी आदिवासियों के पास ही है। इसी का नतीजा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तक आदिवासियों पर खास फोकस कर रहे हैं।