भोपाल में मॉक ड्रिल के दौरान बड़ा हादसा, हैंड ग्रेनेड फटने से दो पुलिसकर्मी घायल, एक की हालत गंभीर


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

घायलों में हेड कांस्टेबल विशाल सिंह और कांस्टेबल संतोष कुमार शामिल हैं, हेड कांस्टेबल विशाल सिंह को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत बेहद नाजुक है..!!

राजधानी भोपाल की 25वीं बटालियन में गुरुवार को मॉक ड्रिल के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मॉक ड्रिल के दौरान अचानक हैंड ग्रेनेड फट गया, जिसमें दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों में हेड कांस्टेबल विशाल सिंह और कांस्टेबल संतोष कुमार शामिल हैं। डॉक्टरों के मुताबिक विशाल सिंह की हालत बेहद गंभीर है। दोनों घायल जवानों का चूनाभट्टी स्थित बंसल अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सीमा पार से पाकिस्तान द्वारा हाल ही में किए गए हमलों के बाद मध्य प्रदेश पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए लगातार राज्य में मॉक ड्रिल कर रही है। इसी कड़ी में भोपाल की 25वीं बटालियन में सुरक्षा ड्रिल का आयोजन किया गया। ड्रिल के दौरान अचानक हैंड ग्रेनेड फट गया, जिसमें हेड कांस्टेबल विशाल सिंह और कांस्टेबल संतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके की तेज आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

घायलों को तुरंत बंसल अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि विशाल सिंह की हालत गंभीर है और वह विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में हैं। संतोष कुमार की हालत स्थिर बताई जा रही है। दोनों घायल जवानों का इलाज चल रहा है और अस्पताल प्रशासन उन्हें हर संभव चिकित्सा सुविधा मुहैया करा रहा है।

इस गंभीर घटना के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले की पूरी जांच के आदेश जारी किए हैं। मॉक ड्रिल के दौरान हुए हादसे को सुरक्षा में चूक माना जा रहा है। इस चूक की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है।

घटना की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की जा सकती है, जो मॉक ड्रिल के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल में हुई चूक की गहनता से जांच करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा नियम बनाए जाएंगे।

आपको बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष के बाद लगातार मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है। इस मॉक ड्रिल के दौरान एक दुर्घटना हुई।