भोपाल: राज्य सरकार की स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स ने रेल नेटवर्क के माध्यम से जलीय वन्यजीव कछुओं के अवैध व्यापार में लिप्त संगठित गिरोह के सरगना फरार ईनामी आरोपी रविन्द्र उर्फ रमन कश्यप को उप्र के लखनऊ से गिरफ्तार किया है।
यह आरोपी पिछले दो माह से लगातार जांच दल को चकमा देकर अपनी लोकेशन लगातार बदल रहा था। उसे सोमवार को विशेष न्यायालय एसटीएसएफ में पेश कर फॉरेस्ट रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि पिछले माह रेल गाड़ी संख्या 19322 पटना इंदौर एक्सप्रेस के प्रथम श्रेणी वातानकूलित श्यानयान (फस्र्ट एसी कोच) में स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स, रेल्वे सुरक्षा बल एवं वनमण्डल भोपाल के द्वारा संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए भोपाल के संत हिरदाराम स्टेशन से एक आरोपी अजय सिंह राजपूत को 311 नग दुर्लभ प्रतिबंधित प्रजाति के जीवित कछुओं को जप्त किया गया था इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही थी।
डॉ. नवीन आनंद जोशी