शेयर बाजार का मंगल को अमंगल, मार्केट कैप में 8 लाख करोड़ से ज्यादा की गिरावट


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

बैंकिंग, मिडकैप और सरकारी कंपनियों के स्टॉक में मुनाफावसूली के चलते बड़ी गिरावट के साथ बाजार हुआ बंद..!!

भारतीय शेयर बाजार के लिए मंगलवार का दिन अमंगल साबित हुआ है। बैंकिंग, मिडकैप और सरकारी कंपनियों के स्टॉक में मुनाफावसूली के चलते बड़ी गिरावट के साथ बाजार बंद हुआ। आज के ट्रेड में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। 

मंगलवार को बीएसई सेंसेक्स 1053 अंकों की गिरावट के साथ 70,370 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 333 अंक गिरकर 21,238 अंकों पर बंद हुआ। बाजार के मार्केट कैप में 8 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली। 

वहीं बैंक निफ्टी 2.26 फीसदी या 1043 अंक गिरकर बंद हुआ। मिड कैप और स्मॉल कैप शेयर भी बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 5 स्टॉक्स हरे निशान में बंद हुए जबकि 25 लाल निशान में क्लोज हुए। डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर हुआ है। 

शेयर बाजार में भारी गिरावट के चलते निवेशकों को जबरदस्त नुकसान का सामना करना पड़ा है। बीएसई पर लिस्टेड स्टॉक का मार्केट कैपिटलाइजेशन 366.04 लाख करोड़ रुपये रहा है जो पिछले सत्र में 374.38 लाख करोड़ रुपये रहा था।  आज के सत्र में निवेशकों को 8.34 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।