“मीटर रीडरों का आक्रोश फूटा, इच्छा मृत्यु की मांग करते हुए धरने पर बैठे”


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

बर्खास्त किए गए कर्मचारियों ने न सिर्फ जोरदार धरना प्रदर्शन किया, बल्कि इच्छा मृत्यु की मांग करते हुए कंपनी अधिकारियों पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए..!!

Reva: वर्षों से ग्रामीण इलाकों में सेवा दे रहे 50 से अधिक मीटर रीडरों को अचानक नौकरी से हटाए जाने के विरोध में शुक्रवार को रीवा विद्युत वितरण कंपनी कार्यालय के बाहर जमकर हंगामा हुआ। बर्खास्त किए गए कर्मचारियों ने न सिर्फ जोरदार धरना प्रदर्शन किया, बल्कि इच्छा मृत्यु की मांग करते हुए कंपनी अधिकारियों पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे न्यूनतम वेतन पर लंबे समय से ईमानदारीपूर्वक मीटर रीडिंग का कार्य कर रहे थे, लेकिन बिना किसी पूर्व सूचना या कारण बताए उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। उनका आरोप है कि कंपनी के कुछ अधिकारियों ने नए लोगों की भर्ती में पैसे लेकर अपनों को मनमाने तरीके से नियुक्त कर लिया।

बर्खास्त मीटर रीडरों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उनकी सेवाएं बहाल नहीं की गईं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो वे आत्मदाह जैसे कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगे। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि नौकरी छूटने से उनका जीवन संकट में है, बच्चों की पढ़ाई और परिवार का भरण-पोषण तक मुश्किल हो गया है। प्रदर्शन स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, वहीं कंपनी प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।