MP में राहुल गांधी के जन्मदिन पर दुग्ध स्नान..पर हमलावर हुई BJP, "कांग्रेस द्वारा दूध नहीं, किसान का सम्मान बहाया जा रहा"


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बोर्ड ऑफिस पर राहुल गांधी का पोस्टर लगाकर दुग्ध स्नान कराया..!!

कांग्रेस नेता राहुल राहुल गांधी 19 जून को अपना 55वां जन्मदिन मना रहे हैं। राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर भोपाल में जश्न मनाया जा रहा है। इस मौके पर भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का दुग्ध स्नान किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बोर्ड ऑफिस पर राहुल गांधी का पोस्टर लगाकर दुग्ध स्नान कराया। कहा गया कि जन्मदिन के अवसर पर और जाति जनगणना को मंजूरी मिलने की वजह से इस दुग्ध स्नान की अनुमति दी जा रही है।

बीजेपी ने इसे आड़े हाथों लिया है..

बीजेपी प्रवक्ता आशीष ऊषा अग्रवाल ने कहा है, कि  "कांग्रेस द्वारा दूध नहीं, किसान का सम्मान बहाया जा रहा है" “जिस राहुल गांधी ने महाकुंभ में गंगा स्नान करनेसे परहेज किया, उनके लिए कांग्रेसियों द्वारा दुग्धाभिषेक करना न सिर्फ सनातन परंपरा का अपमान है, बल्कि देश के दुग्ध उत्पादक किसानों की मेहनत को भी पैरों तले रौंदना है!”

किसानों का खून बहाने वाली कांग्रेस ने भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर राहुल गांधी का पोस्टर रखकर जातिगत जनगणना की खुशी में दूध बहाया...। जो कांग्रेसी गंगा में डुबकी लगाने से डरते हैं, वो किसानों के पसीने से नहाने में गौरव समझते हैं! 

राहुल गांधी जी ये दुग्ध-स्नान असल में 'कृषक तिरस्कार' है। जिस किसान का दूध बेचकर घर चलता है, उसकी रोज़ी-रोटी को यूं सड़क पर बहा देना, क्या यही है कांग्रेस की संवेदनशीलता और "मोहब्बत की राजनीति"? राहुल गांधी के जन्मदिन पर दिखावे का नाटक नहीं, जवाबदारी की अपेक्षा थी जो कांग्रेसियों से हो न सका। दूध बहाकर कांग्रेस ने अपनी सोच, संस्कृति और संवेदनशीलता — तीनों की पोल खोल दी है।

मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने राहुल गांधी के जन्मदिन के मौके पर भोपाल में दूध स्नान के अवसर पर कहा कि नेहरू परिवार के प्रति कांग्रेस की घमंड की मानसिकता को देखकर आश्चर्य होता है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा राहुल गांधी की तस्वीर का दूध से अभिषेक करना चमचागिरी की पराकाष्ठा है... 

मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि चांदी के चम्मच वाले परिवार में जन्मे राहुल गांधी का महिमामंडन किया जा रहा है। ये धूर्तता की पराकाष्ठा है। कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती है। जिला अध्यक्ष बनने के लिए धर्म और जाति की बात करना उनकी मानसिकता का परिचायक है। 

राहुल गांधी समाज को विनाश की ओर ले जाना चाहते हैं। धर्म को धर्म से लड़ाना, जाति को जाति से लड़ाना, ये कांग्रेस की मानसिकता और नीति है। धर्म आधारित संगठनों का विस्तार और गठन कांग्रेस के मुस्लिम तुष्टिकरण का परिचायक है। 

बाबा भीमराव अंबेडकर के मुद्दे पर सारंग ने कहा कि कांग्रेस हमेशा दलितों और आदिवासियों को अपमानित करने का काम करती है। नेहरू जी ने जीवन भर अंबेडकर जी को अपमानित किया। अंबेडकर साहब को लोकसभा चुनाव जीतने से रोकने के लिए नेहरू जी ने भरसक प्रयास किए। कांग्रेस ने इतने सालों तक शासन किया, लेकिन अंबेडकर जी से जुड़ी कोई स्मृति नहीं रखी।

मंत्री सारंग ने कहा कि पीएम मोदी और भारतीय जनता पार्टी ने अंबेडकर जी की जन्मस्थली और कर्मस्थली को तीर्थस्थल बनाने का काम किया है। अगर कांग्रेस दलितों और आदिवासियों की हितैषी होती तो द्रौपदी मुर्मू जी का विरोध नहीं करती। कांग्रेस की आदत सिर्फ धोखा देने की है।