राजस्थान में गुटों में बंटी कांग्रेस में एक नया बखेड़ा खड़ा हो गया है। राजस्थान के खेल राज्य मंत्री अशोक चांदना ने पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को खुली धमकी दे डाली। हुआ यूं, कि सोमवार को अजमेर में आयोजित एक कार्यक्रम में अशोक चांदना भाषण दे रहे थे, उसी दौरान कई लोगों ने मंत्री की तरफ जूते फेंके गए। 

जिस तरफ से मंत्री चांदना के मंच की ओर जूते फेंके गए थे,  उस तरफ से सचिन पायलट जिंदाबाद के नारे लगाए जा रहे थे। जूते फेंकने के मामले पर से गुस्से में आए मंत्री अशोक चांदना ने रात 10:05 बजे ट्वीट करके सचिन पायलट को धमकी तक दे डाली। चांदना ने ट्वीट करते हुए लिखा कि 'मुझ पर जूता फिकवाकर सचिन पायलट यदि मुख्यमंत्री बने, तो जल्दी से बन जाए क्योंकि आज मेरा लड़ने का मन नहीं है। जिस दिन मैं लड़ने पर आ गया तो फिर एक ही बचेगा और यह मैं चाहता नहीं हूं।' चांदना की इस धमकी के बाद से पार्टी में अब एक नई जंग छिड़ गई है।
  
गौरतलब है, कि 12 सितंबर को अजमेर में गुर्जर समाज के नेता स्वर्गीय कर्नल किरोड़ीसिंह बैंसला की अस्थियों के विसर्जन कार्यक्रम का कार्यक्रम हुआ। इस कार्यक्रम में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे थे, जिनमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी, सीएम अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत, आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेन्द्रसिंह राठौड़, भाजपा ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा, विधायक वासुदेव देवनानी शामिल हुए थे। 

कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को भी आमंत्रित किया गया था लेकिन वे वहां नहीं पहुंचे। मंच पर जब बीजेपी और कांग्रेस के नेता भाषण दे रहे थे तब भीड़ में शामिल युवा सचिन पायलट के समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और कैबिनेट मंत्री शकुंतला रावत के भाषण के दौरान भी युवाओं के एक समूह ने विरोध जताते हुए नारेबाजी की और सचिन पायलट जिंदाबाद के नारे लगाए। इसी बीच जब राज्य मंत्री अशोक चांदना भाषण देने आए तब भी युवाओं के समूह ने मंत्री की तरफ जूते, खाली बोतलें और अन्य सामान फेंका गया। इस बात से गुस्सा होकर मंत्री भाषण बीच में ही छोड़ कर चले गए थे।