रसूख़ शब्द सुना है आपने..! हां वहीं, जिसका इस्तेमाल नेता जी अपनी सियासत चमकाने के लिए बखूबी करते हैं और भाई साहब जब नेता जी सरकार का हिस्सा हों, फिर तो प्रशासन से लेकर जनता तक पर दबाव बनाना उनके लिए हक़ सा बन जाता है।

चलो पूरी कहानी बयां करें उससे पहले रसूख़दार नेताजी के बारे में तो जान ही लीजिये। तो साहब हम बात कर रहें है शिवराज सरकार में कृषि मंत्री और हरदा ज़िले से विधायक कमल पटेल की..! सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो  उन्ही मंत्री जी के रसूख को बयां भी कर रहा है। 

दरअसल हरदा ज़िले का एक प्रेमी जोड़ा घर से शादी के सपने लिए निकल पड़ा है। वायरल वीडियो के अनुसार, यह जोड़ा क़ानूनी तरीके से एक भी हो गया है, मतलब कोर्ट मैरिज कर चुका है। लेकिन दो अलग-अलग समाज से ताल्लुक रखने वाले इस प्रेमी जोड़े को घर से निकलकर यह कदम इसलिए उठाना पड़ा क्योंकि दोनों का सामजिक परिवेश उन्हें एक होने की इजाजत नहीं दे पा रहा था।

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दिख रही लड़की जाट समाज से है, तो लड़का विश्नोई समाज से ताल्लुक रखता है। आपकों बता दे कि लड़की के पिता जाट समाज से ही आने वाले कृषि मंत्री कमल पटेल के काफ़ी क़रीबी माने जाते हैं। ज़िले की राजनीति में भी वह मंत्री जी के साथ ही नज़र आते हैं।

फ़िलहाल एक होकर भी यह जोड़ा मुश्किलों का सामना कर रहा है। वीडियो के जरिये इस जोड़े ने सीधे-सीधे मंत्री कमल पटेल, बीजेपी नेता राजू कमेडिया और हरदा प्रशासन पर परेशान करने का आरोप लगाया है। लड़की ने प्रशासन द्वारा ज्यादा परेशान किये जाने पर आत्म हत्या करने की बात भी कहीं। साथ ही लड़की ने बीते दिनों दोनों पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कमल पटेल पर हत्या करने जैसा गंभीर आरोप तक लगाया है।

सुरक्षा की गुहार लगाते हुए इस प्रेमी जोड़े ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रदेश के मुखिया सीएम शिवराज और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र से पुलिस प्रोटेक्शन दिलाने की बात कहीं है। इस मामले में कांग्रेस पार्टी भी अब शिवराज सरकार से लेकर मंत्री कमल पटेल पर हमलावर हो रही है। 

लेकिन अब सनसनाता सवाल तो यहीं कि क्या "शिव के राज" में मंत्री जी के रसूख़ के आगे ज़िले का प्रशासन लाचार हो गया हैं? अगर नहीं, तो फिर मामा के राज में एक भांजी अपनी जान की भीख क्यों मांग रही हैं? और आप ही बताइये इस डर को नेता जी का जनता पर रसूख़ नहीं तो क्या कहेंगे?