इंदौर. दुनियाभर के लिए दहशत का कारण बनने वाले मंकी पॉक्स का अब मध्य प्रदेश पर भी खतरा मंडराने लगा है। प्रदेश की आर्थिक नगरी इंदौर में एक महिला में मंकी पॉक्स के लक्षण सामने आए हैं। मंकी पॉक्स के लक्षण दिखने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। फिलहाल 54 वर्षीय इस महिला को होम आइसोलेशन में रखकर उसकी खास निगरानी की जा रही है। स्वास्थ विभाग ने महिला के सैंपल लेकर उसे पुणे भेजने की तैयारी कर ली है। रिपोर्ट मिलने तक महिला होम आइसोलेशन में ही रखा जाएगा।

निजी क्लीनिक में गई थी महिला- खास बात ये है कि महिला की कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। इसके बावजूद उसमें मंकी पॉक्स के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग फिलहाल किसी तरह की रिस्क लेने के मूड में नहीं है. इसलिए महिला को होम आइसोलेशन में ही रखकर उसपर नजर रखी जा रही है। बताते हैं कि महिला की तबियत बिगड़ गई थी. इसके बाद वो अपना इलाज कराने निजी क्लीनिक में पहुंची थी। महिला को सर्दी-खांसी और बदन दर्द के साथ शरीर पर लाल चकत्ते भी हो रहे थे। उपचार में जुटे डॉक्टर को महिला में मंकी पॉक्स के लक्षण महसूस हुए। इसपर डॉक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी दी। एहतियात के तौर पर विभाग ने फिलहाल महिला को होम आइसोलेट करके रखा है।