मध्यप्रदेश में मानसून एक्टिव होते ही व्यवस्थाओं की पोल खुलने लगी है। महज पांच दिन में ही कही पुल दरक रहे है तो कहीं सड़क धंस रही है। अमूनन हर शहर में जलभराव के हालात नज़र आ रहे हैं। ये हालात गुरुवार और शुक्रवार को भी बन सकते हैं।

अगले दो दिन में भोपाल, उज्जैन, नर्मदापुरम, इंदौर, शहडोल, जबलपुर और सागर संभाग में भारी बारिश का अनुमान है, जबकि ग्वालियर-रीवा समेत 16 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी भोपाल में भी तेज बारिश हो सकती है। 29-30 जून, 1 और 2 जुलाई को शहर में बारिश होगी। शहर के कुछ हिस्सों में तेज बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह से ही रिमझिम बारिश हो सकती है। दोपहर बाद तेज बारिश हो सकती है।

बुधवार को दमोह में 3 इंच से ज्यादा पानी गिरा। सतना में 2 इंच, पचमढ़ी में सवा इंच और रीवा में 1 इंच के करीब बारिश हुई। उमरिया, शिवपुरी, छिंदवाड़ा और उज्जैन में आधा इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। खजुराहो में 9.4 मिमी, जबलपुर में 8.8 मिमी, रायसेन, धार और मंडला में 8 मिमी, सीधी, मलाजखंड और गुना में 3 मिमी बारिश दर्ज की गई।