लोनिवि की 15 करोड़ से अधिक परियोजनायें सीएम प्रगति पोर्टल के माध्यम से मॉनीटर होंगी


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

अब ऐसी परियोजनाओं को सीएम प्रगति पोर्टल पर अनिवार्य रुप से दर्ज किया जाये और परियोजना की प्रगति से संबंधित अद्यतन जानकारी नियमित रुप से पोर्टल पर दर्ज की जाये..!!

भोपाल: प्रदेश में लोक निर्माण विभाग की ऐसी परियोजनायें जिनकी लागत 15 करोड़ रुपये एवं इससे अधिक हैं, अब सीएम प्रगति पोर्टल पर दर्ज होंगी तथा इस पोर्टल के माध्यम से इनकी मॉनीटरिंग की जायेगी। इसके लिये लोनिवि के अपर मुख्य सचिव नीरज मण्डलोई ने सभी अधीनस्थ अफसरों को दिशा निर्देश जारी कर दिये हैं।

जारी दिशा-निर्देश में कहा गया है कि अब ऐसी परियोजनाओं को सीएम प्रगति पोर्टल पर अनिवार्य रुप से दर्ज किया जाये और परियोजना की प्रगति से संबंधित अद्यतन जानकारी नियमित रुप से पोर्टल पर दर्ज की जाये। यदि परियोजना के क्रियान्वयन में कोई बाधा है, तो उसका स्पष्ट विवरण भी पोर्टल पर दर्ज किया जाये। यदि परियोजना के क्रियान्वयन के लिये किसी अन्य विभाग की भूमिका आवश्यक है, तो संबंधित विभाग के पोर्टल पर इसे दर्ज कर उचित समाधान हेतु कार्यवाही की जाये। संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित विषयों का शीघ्र निराकरण किया जाये।

दिशा-निर्देश में आगे बताया गया कि परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु उनके सभी घटकों की नियमित निगरानी की जाये। किसी भी प्रकार की देरी को कम करने के लिये त्वरित समाधान की व्यवस्था की जाये। विभागाध्यक्ष स्तर पर प्रत्येक 15 दिन में एक बार इन परियोजनाओं की समीक्षा की जाये एवं शासन स्तर पर माह में एक बार समीक्षा की जाये।