अगर इंसान मन में ठान ले तो वो कुछ भी तक सकता है, आपके दृढ़ संकल्प के आगे बाकी सब बौना ही नज़र आता है। केरल के मलप्पुरम के रहने वाले मां बेटे ने एक साथ लोक सेवा आयोग (पीएससी) की परीक्षा में पास होकर इसे साबित कर दिया। मां ने अपने बेटे के साथ पढ़ाई करके पीएससी में सफलता हासिल की है।
मलप्पुरम की रहने वाली बिंदु ने घर और आंगनवाड़ी का काम संभालते हुए खुद को साबित किया है, साथ ही अन्य लोगों के लिेए एक मिसाल भी कायम की है। केरल के मलप्पुरम निवासी बिंदु एक 42 वर्षीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं और उनके बेटे विवेक जो 24 साल के हैं, दोनों ने एक साथ केरल पीएससी की एलडीसी परीक्षा पास की है। जब बिंदु का बेटा 10वीं कक्षा में था, तो मां ने ही उसे केरल पब्लिक सर्विस कमीशन की तैयारी करने के लिए प्रोत्साहित किया था।
9 साल बाद दोनों मां-बेटे एक साथ सरकारी नौकरी की परीक्षा में बैठे और पास भी हुए। इस बारे में बिंदु का कहना है, कभी नहीं सोचा था कि हम एक साथ क्वालिफाई करेंगे।
वहीं बिंदु के बेटे विवेक ने कहा कि हम एक साथ कोचिंग कक्षाओं में गए। मेरी मां ने मुझे इसके लिए प्रोत्साहित किया। मेरे पिता ने हमारे लिए सभी सुविधाओं की व्यवस्था की। हमें अपने शिक्षकों से बहुत प्रेरणा मिली। हम दोनों ने एक साथ पढ़ाई की लेकिन कभी नहीं सोचा था कि हम एक साथ उत्तीर्ण होंगे। हम दोनों बहुत खुश हैं।