MP Assembly Monsoon Session 2025: MP विधानसभा सभा मानसून सत्र, 28 जुलाई से 8 अगस्त तक, हाईटेक होंगी बैठकें


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

MP Assembly Monsoon Session 2025: हर विधायक के हाथ में होगा टैबलेट, मंगलवार 24 जून को जारी होगी अधिसूचना, 12 दिवसीय सत्र में होंगी 10 बैठकें..!!

MP Assembly Monsoon Session 2025: मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 28 जुलाई से 8 अगस्त तक चलेगा। मानसून सत्र के दौरान प्रदेश के विधानसभा सदन की सूरत बदली-बदली नज़र आएगी। जी हां मध्य प्रदेश का विधानसभा सदन अब नए कलेवर में नज़र आएगा।

इन हाइटेक बैठकों के दौरान हर विधायक की टेबल पर टैबलेट होगा। सदन से जुड़ी सभी जानकारी इसमें उपलब्ध रहेगी। प्रश्नोत्तरी, राज्य बजट, विभागीय रिपोर्ट और अन्य सामग्री डिजिटल फॉर्मेट में होगी। विधायकों को दस्तावेज साथ लाने की जरूरत नहीं होगी।

विधानसभा सचिवालय ने सदन का काम हाईटेक तरीके से करने की पूरी जिम्मेदारी NIC को दी है। NIC को मानसून सत्र तक सिस्टम तैयार करना होगा। विधानसभा के प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह के मुताबिक मानसून सत्र से पहले सभी व्यवस्थाएं करने की कोशिश की जा रही है। 

फिलहाल विधायकों को प्रशिक्षण देने पर फोकस किया जा रहा है। अगर व्यवस्था ऑनलाइन हो जाती है तो सदन से जुड़ी सामग्री भी विधायकों को डिजिटल फॉर्मेट में मुहैया कराई जाएगी। शुरुआत में विधायकों को मौजूदा व्यवस्था के तहत हार्ड कॉपी दी जाएगी। कोशिश रहेगी कि सॉफ्ट कॉपी भी मुहैया कराई जाए।

विधानसभा सचिवालय और मंत्रालय के बीच ऑनलाइन काम पहले से चल रहा है। इसके लिए खास सॉफ्टवेयर तैयार किया गया है। विधानसभा सचिवालय ने सभी विधायकों के ईमेल एड्रेस तैयार कर लिए हैं। सचिवालय के पास डिजिटल सिग्नेचर भी हैं। ऑनलाइन काम में इन डिजिटल सिग्नेचर को स्वीकार किया जाता है। अब ऑनलाइन काम को और बढ़ाया जा रहा है।