चलती कार में कार्डियक अरेस्ट से AIG की मौत, इंदौर से भोपाल लौटते समय बिगड़ गई तबीयत


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

दोपहर 12 बजे देवास जिले के सोनकच्छ के पास उन्हें कार में दिल का दौरा पड़ा। नजदीकी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया..!!

भोपाल में पदस्थ AIG (सहायक पुलिस महानिरीक्षक) प्रतिभा त्रिपाठी का सोमवार को निधन हो गया। वह राज्य पुलिस सेवा की 2008 बैच की अधिकारी थीं। वह फिलहाल महिला सेल में तैनात थीं। प्रतिभा मेडिकल चेकअप कराकर इंदौर से भोपाल लौट रही थीं। इसी दौरान दोपहर 12 बजे देवास जिले के सोनकच्छ के पास उन्हें कार में दिल का दौरा पड़ा। नजदीकी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

AIG त्रिपाठी के पति डॉ. शिशिर पंडित ने कहा, 'इंदौर में उनका इलाज चल रहा था। शनिवार को छुट्टी होने के कारण वह मेडिकल चेकअप के लिए इंदौर गई थी। वह ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए सोमवार सुबह भोपाल के लिए निकली थीं। हम दोनों और हमारा तीन साल का बेटा कार में थे।

मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया गया। डॉ. शिशिर पंडित ने बताया कि वह मूल रूप से इंदौर के रहने वाले हैं। फिलहाल दिल्ली में रह रहे हैं। वह अपनी पत्नी की जांच कराने के लिए ही इंदौर आए थे।

AIG त्रिपाठी 2020 में कोरोना से संक्रमित हो गईं थीं। ठीक होने के बाद उनकी तबीयत ठीक नहीं रहती थी। कोरोना काल के दौरान ही उन्होंने बच्चे को जन्म दिया। मेडिकल अवकाश के बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्होंने अक्टूबर 2023 में नौकरी ज्वाइन कर ली। पिछले कुछ दिनों से उनकी सेहत में गिरावट आनी शुरू हो गई थी। बी. पी. भी हाई था। इसी के इलाज के लिए वह इंदौर गईं थीं। वे निवाड़ी जिले के थौना गांव की रहने वाली थीं।