MP by-election 2024: मध्य प्रदेश में उपचुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। बीजेपी ने तारीखों के ऐलान से पहले ही बुधनी और विजयपुर विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) चुनाव समिति ने सोमवार (14 अक्टूबर) को भोपाल में बैठक की।

कहा जा रहा है, कि प्रदेश के बुधनी विधानसभा उपचुनाव में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय चौहान की उम्मीदवारी पर दिल्ली की आलाकमान की ओर से हरी जंडी मिल सकती है।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत के इस्तीफे के बाद सीहोर जिले की बुध सीट और श्योपुर जिले की विजयपुर सीट खाली हो गई है। दरअसल, शिवराज सिंह चौहान केंद्रीय कृषि मंत्री हैं, जबकि रामनिवास रावत विधायक पद से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हुए और उन्हें राज्य का वन एवं पर्यावरण मंत्री बनाया गया है।

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि समिति ने विजयपुर सीट के लिए रावत के नाम को मंजूरी दे दी, जबकि पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव, रघुनाथ सिंह भाटी, रवि मालवीय और पूर्व मुख्यमंत्री चौहान के बेटे कार्तिकेय के नाम पर बुद्ध सीट के लिए विचार किया गया।

उन्होंने कहा, नाम लगभग तय हो चुके हैं और इन्हें पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति को भेजा जाएगा, जो इन पर फैसला करेगी। बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, पार्टी के प्रदेश संगठन महासचिव हितानंद शर्मा, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा और भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य सत्यनारायण जटिया शामिल हुए।

आपको बता दें कि ऐसी भी चर्चा है कि शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान चुनाव लड़ेंगे। बताया जा रहा है कि बुधनी विधानसभा के मंडल अध्यक्षों ने कार्तिकेय सिंह चौहान को चुनाव लड़ाने की मांग की है। हालांकि, शिवराज सिंह चौहान पहले ही कह चुके हैं कि उम्मीदवारों के नाम पर पार्टी नेतृत्व फैसला लेगा।

बुधनी विधानसभा के कई मंडल  और सामाजिक संस्थाओं ने कार्तिकेय को उम्मीदवार बनाने को लेकर प्रदेश भाजपा और राष्ट्रीय भाजपा को पत्र सौंपे हैं। वैसे प्रदेश भाजपा ने चार नाम का पैनल दिल्ली को भेजा है।