ठंड का असर पूरे देश के साथ-साथ मध्यप्रदेश में भी दिखने लगा है। पारा धीरे-धीरे गिरते ही जा रहा है। राजधानी भोपाल में ठंड का 13 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। राज्य के 9 जगहों पर पारा 9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पचमढ़ी राज्य में कल सबसे ठंडा रहा। पचमढ़ी में पारा 5 डिग्री पहुंच गया। 

मध्यप्रदेश में इस बार नवंबर 22 साल में सबसे ठंडा रहा। भोपाल में 2009 के बाद पहली बार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया।  मध्य प्रदेश के चार बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे ठंडा रहा। वहीं जबलपुर में पहली बार रात का तापमान 7 डिग्री गिरा।

राजधानी भोपाल का रात का तापमान 9.6 डिग्री रहा। राजधानी में 13 साल बाद रात का तापमान दस डिग्री से नीचे पहुंचा है। जिससे भोपाल में ठंड का नया रिकॉर्ड बन गया। ठंड को देखते हुए सोमवार से स्कूलों में भी टाइम बदल दिया गया। 

आने वाले दिनों में प्रदेश में शीतलहर चलने की प्रबल संभावना है। तापमान में लगातार गिरावट के कारण राज्य में कोहरे का असर भी दिखाई दे रहा है। सभी जिलों में सुबह कोहरा छाया रह रहा है। 

मौसम विभाग के मुताबिक जल्द ही शीत लहर आने की संभावना है, क्योंकि यह उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के चलते प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके अलावा उत्तर भारतीय राज्यों में भी बर्फबारी शुरू हो गई है, जिसका असर मध्यप्रदेश पर दिखाई दे रहा है।