MP Foundation Day 2025: 1 नवम्बर 2025 को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर आज शाम लाल परेड ग्राउंड, भोपाल का आसमान एक अद्वितीय दृश्य से जगमगाएगा। शाम 7:00 बजे से शुरू होने वाला यह 15 मिनट का ड्रोन शो मध्यप्रदेश की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और विकास की यात्रा का जीवंत प्रदर्शन करेगा।
“विरासत से विकास की ओर” थीम पर आधारित यह शो कन्सेप्ट कम्युनिकेशन्स लिमिटेड द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इस शानदार कार्यक्रम का संचालन सेंट्रल इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट अर्पित गोयल के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
2000 ड्रोन से सुसज्जित यह शो 3D आकर्षक फॉर्मेशन के माध्यम से मध्यप्रदेश की परंपरा, प्रगति और नवाचार के संगम को आकाश में साकार करेगा।
शो की प्रमुख फॉर्मेशन इस प्रकार हैं—
1. भारत का मानचित्र (पहला दृश्य) एवं मध्यप्रदेश के जिलों का चित्रण (दूसरा दृश्य)
2. प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की आकृति
3. सूर्य उदय के साथ “अभ्युदय मध्यप्रदेश 2047”
4. महाकाल मंदिर एवं शिवलिंग की आरती
5. लोक कला एवं मांडने
6. छलांग लगाता हुआ बाघ
7. खेत एवं कृषि दृश्य
8. उद्योग एवं MP Investors’ Summit का लोगो
9. हाइवे, मेट्रो एवं हवाई जहाज
10. “जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान, जय अनुसंधान”
11. वेधशाला
12. अलौकिक सिंहस्थ 2028
13. प्रस्तुति (फाइनल फॉर्मेशन)
यह शो न केवल प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाएगा, बल्कि “अभ्युदय मध्यप्रदेश 2047” की दिशा में बढ़ते आत्मविश्वास, नवाचार और विकासशील दृष्टिकोण का प्रतीक भी बनेगा।

“अभ्युदय मध्यप्रदेश” सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि राज्य को नई दिशा देने का रोडमैप है। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और हरित विकास पर विशेष फोकस किया गया है।
आयोजन स्थल पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ ड्रोन शो की विशेष झलकियां राज्य भर में लाइव प्रसारित की जाएंगी। उम्मीद की जा रही है कि कांसेप्ट कम्युनिकेशन द्वारा संकल्पित ड्रोन शो तकनीक और परंपरा के संगम का एक अनूठा उदाहरण बनेगा, जो आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश के विकास की नई पहचान बनेगा।
पुराण डेस्क