MP Loksabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 का रण में देश के दो दिग्गज नेताओं के लिए परीक्षा की घड़ी बनता जा रहा है। यह दोनों ही नेता देश और प्रदेश की राजनीति में अहम रोल अदा करते हैं।
इसमें एक खुद चुनाव मैदान में हैं तो दूसरे अपने बेटे की जीत के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। कुल मिलाकर कांग्रेस के दोनों कद्दावर नेताओं ने इस चुनाव को अपनी साख बना ली है।
हम बात कर रहे हैं प्रदेश के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों कमल नाथ और दिग्विजय सिंह की। 77 साल के दिग्विजय सिंह राजगढ़ संसदीय सीट से चुनाव लड़ रहे हैं जबकि 78 साल के कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ चुनाव लड़ रहे हैं। नकुलनाथ को छिंदवाड़ा से कांग्रेस उम्मीदवार बनाया गया है।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कद्दावर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को राजगढ़ लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
चुनावी समीकरणों को देखते हुए, ये कहा जा सकता है, कि आम चुनाव में दोनों ही नेताओं की साख दांव पर लगी है।
यही कारण है कि 77 वर्षीय दिग्विजय सिंह राजगढ़ संसदीय सीट पर आम मतदाताओं तक पहुंचने के लिए पदयात्रा पर हैं। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने 31 मार्च से पदयात्रा शुरु की है। वे हर दिन 25 किलोमीटर पैदल चलकर एक विधानसभा तक की यात्रा कर रहे हैं।
इधर मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री कमल नाथ ने भी इस चुनाव को अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया है। यही वजह है, कि 78 साल की उम्र में भी वे अपने बेटे और छिंदवाड़ा प्रत्याशी नकुलनाथ से ज्यादा सक्रिय नजर आ रहे हैं। वह भारतीय जनता पार्टी की हर योजना का साहसपूर्वक सामना कर रहे हैं। हालांकि उनके गढ़ छिंदवाड़ा में कांग्रेसी उन्हें छोड़कर बीजेपी में शामिल हो रहे हैं, लेकिन कमलनाथ चुनावी मैदान में डटे हुए हैं।
वहीं दूसरी ओर बीजेपी लगातार छिंदवाड़ा जीतने का दावा कर रही है। मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री और दिग्गज बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने बुधवार को कहा कि हम इस बार छिंदवाड़ा में 200 फीसदी जीत हासिल करेंगे।