MP Loksabha Election 2024: राजगढ़ से दिग्विजय सिंह और गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया दाखिल करेंगे उम्मीदवारी


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

MP Loksabha Election 2024: मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर सियासी संग्राम जारी है, राज्य में चार चरणों में मतदान होगा..!!

MP Loksabha Election 2024: मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों पर चार चरणों के मतदान के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। मंगलवार (16 अप्रैल) को राघौगढ़ राजघराने के दिग्विजय सिंह राजगढ़ संसदीय सीट से अपना नामांकन दाखिल करेंगे, तो वहीं दूसरी ओर ग्वालियर राजघराने के ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना सीट से बीजेपी उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन भरेंगे।

मध्य प्रदेश की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और मौजूदा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की अलग-अलग पहचान है। मध्य प्रदेश में दिग्विजय सिंह को राजा कहा जाता है, जबकि ज्योतिरादित्य सिंधिया को महाराज कहकर संबोधित किया जाता है।

आपको बता दें कि मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से कुछ सीटों पर मुकाबला बेहद दिलचस्प है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह अपने गढ़ राजगढ़ सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि गुना संसदीय सीट से सिंधिया राजघराने के ज्योतिरादित्य सिंधिया चुनाव लड़ रहे हैं। 

इसी क्रम में मंगलवार को दिग्विजय सिंह राजगढ़ सीट से और ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना संसदीय सीट से नामांकन फॉर्म दाखिल करने जा रहे हैं।

राजगढ़ लोकसभा सीट दिग्विजय सिंह का पारिवारिक गढ़ मानी जाती है। इस सीट से दिग्विजय सिंह दो बार सांसद चुने गए, जबकि उनके छोटे भाई लक्ष्मण सिंह चार बार चुनाव जीत चुके हैं। 1984 और 1991 में राजगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर दिग्विजय सिंह दिल्ली पहुंचे।

इसी तरह पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह 1996 से 2004 तक राजगढ़ संसदीय सीट से सांसद रहे। खास बात यह है कि लक्ष्मण सिंह यहां से तीन बार कांग्रेस से और एक बार बीजेपी से सांसद बन चुके हैं। अब 33 साल बाद एक बार फिर से इस सीट से दिग्विजय सिंह चुनाव लड़ रहे हैं।

मध्य प्रदेश की राजनीति में सिंधिया परिवार की अहम भूमिका रही है। गुना लोकसभा सीट सिंधिया परिवार का गढ़ मानी जाती है। गुना सीट से ज्योतिरादित्य सिंधिया की दादी विजयाराजे सिंधिया और उनके पिता माधवराव सिंधिया सांसद रह चुके हैं। जबकि ज्योतिरादित्य भी इस सीट से कांग्रेस के टिकट पर चार बार सांसद चुने गए थे।अब सिंधिया गुना संसदीय सीट से बीजेपी के उम्मीदवार हैं।