MP Loksabha Election 2024: राहुल के दौरे से पहले बवाल, मंच पर लगाई गई बीजेपी नेता की फोटो


Image Credit : X

MP Loksabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को मध्य प्रदेश की मंडला समेत छह सीटों पर मतदान होगा। इसके लिए कांग्रेस ने केंद्रीय नेताओं को भी प्रचार में शामिल किया है। राहुल गांधी मध्य प्रदेश में अपने चुनाव अभियान की शुरुआत सोमवार 8 अप्रैल को सिवनी जिले के धनौरा से करेंगे। हालांकि, उनके दौरे से पहले एक चूक सामने आई है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी मध्य प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। वे सिवनी जिले के लखनादौन विधानसभा के ग्राम धनोरा में जनता को संबोधित करेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता के आगमन को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये जा रहे हैं। स्थानीय कांग्रेस नेता भी व्यवस्था बनाने में जुटे हैं। इस बीच जिम्मेदारों की लापरवाही से पार्टी संकट में आ गई।

दरअसल, राहुल गांधी की रैली से एक दिन पहले मंच पर मुख्य बैनर लगाया गया था, इस बैनर में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की तस्वीरें लगाकर प्रचार किया जा रहा था। कांग्रेस पार्टी ने इस बैनर में एक बड़ी गलती कर दी है, जिस बैनर में कांग्रेस लोकसभा में अपने प्रत्याशी और पार्टी का प्रचार कर रही है, उसी बैनर में बीजेपी के केंद्रीय मंत्री और मंडला संसदीय क्षेत्र के वर्तमान प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते की फोटो लगी है। हालांकि, बाद में इस पर दूसरी फोटो लगा दी गई।