भोपाल में सोमवार को करीब 25 किमी लंबी तिरंगा यात्रा निकली। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में बाइक और कार पर सवार लोग तिरंगा थाम कर निकले। इस दौरान देशभक्ति के तराने गूंजते रहे। तिरंगा यात्रा विधायक रामेश्वर शर्मा के नेतृत्व में निकली।
भोपाल के उपनगर (मुखर्जी नगर) के मदर टेरेसा स्कूल के पास से प्रारम्भ हुई यात्रा संत हिरदाराम नगर पहुंचकर समाप्त हुई। करीब 500 से अधिक स्थानों पर यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत हुआ।
तिरंगा यात्रा के आयोजक विधायक रामेश्वर शर्मा ने यात्रा का उद्देश्य बताते हुए कहा कि मोदी सरकार ने भारत के आम नागरिक को अपने हाथों में तिरंगा थामने और घरों में तिरंगा फहराने का अधिकार दिया है। इस अधिकार के बारे में जन जागृति लाने और इसका उत्सव मनाने के लिए इस बार पहले से भी बड़ी तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया है।
विधायक शर्मा ने आगे कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में कश्मीर से धारा 370 खत्म हुई और कश्मीर से कन्याकुमारी तक सही मायने में भारत अब एक हुआ है। वहीं अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। देश का आर्थिक विकास भी द्रुत गति से दौड़ रहा है। संपूर्ण विश्व में भारतवंशियों का मान बढ़ा है।