मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में 23 मार्च को भाजपा सरकार के चौथे कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सरकार की उपलब्धियों को मीडिया से साझा किया और आगामी चुनाव में भाजपा की जीत का दावा भी किया।
वीडी शर्मा ने कहा कि गर्व की बात है कि मुख्यमंत्री शिवराज जी के नेतृत्व में हमारा मध्यप्रदेश स्वर्णिम पथ पर तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है।चाहे दिग्विजय सिंह के नेतृत्व का कालखंड हो या कमलनाथ के समय 15 माह की कांग्रेस सरकार रही हो। कांग्रेस सरकारों में मध्यप्रदेश की जनता को धोखा ही मिला है। वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा सरकार गरीब कल्याण के लिए समर्पित रही है।
उन्होंने बताया कि बीते तीन वर्षों में प्रदेश की भाजपा सरकार ने कई उपलब्धियाँ हासिल की है। देश की जीडीपी में प्रदेश का योगदान 3.6% से बढ़कर 4.8% हुआ है। प्रदेश की विकास दर देश में सर्वाधिक 19.74 है। हमारी सरकार ने विकास यात्रा में 82 लाख पात्र हितग्राहियों को तुरंत लाभ दिलाने के लिए रजिस्ट्रेशन किया है।
जानिये वीडी शर्मा ने और क्या कुछ कहा-
प्रदेश में संपन्न हुआ प्रवासी भारतीय सम्मेलन हो या G20 सम्मेलन की बैठकें हो या इन्वेस्टर्स समिट हो या खेलो इंडिया का भव्य आयोजन हो। मध्यप्रदेश में ये सभी आयोजन ऐतिहासिक रहे हैं। रोज़गार की दृष्टि से भी भाजपा सरकार में विभिन्न विभागों में 1 लाख 26 हजार पदों पर सरकारी भर्ती जारी है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण की दृष्टि से भाजपा सरकार ने कई ऐतिहासिक कदम उठाये हैं। आज प्रदेश में 44 लाख लाड़ली लक्ष्मियां है, हमारी सरकार की महिला हितैषी योजनाओं का परिणाम है कि समाज में बेटी अब बोझ नहीं, बल्कि वरदान कही जा रही है।
लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को सशक्त व सक्षम बनाने के लिए उन्हें प्रतिमाह ₹1 हज़ार का आर्थिक संबल देने का निर्णय हो या 12वीं कक्षा में मैरिट में आने वाली प्रतिभाशाली बेटियों को स्कूटी देना का निर्णय हो। भाजपा सरकार के ये निर्णय महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक हैं।
पंडित दीनदयाल परिसर, भोपाल के नये भवन का भूमिपूजन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कर कमलों से 26 मार्च को होगा। इस दौरान भोपाल व नर्मदापुरम संभाग के बूथ कार्यकर्ताओं के सम्मेलन तथा प्रबुद्ध कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को आदरणीय नड्डा जी संबोधित करेंगे।