आगर-मालवा के नलखेड़ा में भांग मिला प्रसाद खाने से 40 लोग बीमार, जानिए डिटेल


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

कुछ लोगों की तबीयत खराब होने पर उन्हें नलखेड़ा सिविल अस्पताल लाया गया..!

नलखेड़ा तहसील के मोल्याखेड़ी गांव में सोमवार को गांव के शिव मंदिर से महादेव की सवारी निकाली जा रही थी, इस दौरान भांग मिला प्रसाद खाने से सवारी में शामिल महिलाओं और बच्चों समेत करीब 40 से 45 श्रद्धालु बीमार हो गए।

इनमें से कुछ लोगों की तबीयत खराब होने पर उन्हें नलखेड़ा सिविल अस्पताल लाया गया। जहां पर स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा बीमार लोगों का इलाज किया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की एक टीम मोल्याखेड़ी गांव पहुंची और कुछ लोगों का इलाज गांव में ही किया गया। घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है।

ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ विजय यादव ने बताया कि घटना सोमवार को मोल्याखेड़ी में सवारी निकलने के दौरान हुई। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया है। वहां से गंभीर रूप से बीमार कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद नलखेड़ा सिविल अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। फिलहाल सभी बीमार लोगों की स्थिति सामान्य है।