भोपाल: प्रदेश में पिछले पांच सालों में 1 जनवरी 2018 से 31 दिसम्बर 2022 तक कुल 63 आरोपियों ने जमानत पर आने पर पुन: दुष्कर्म करने की घटनायें की हैं। राज्य के गृह विभाग द्वारा जारी अधिकृत जानकारी के अनुसार, इन पांच सालों में 10 व्यक्तियों ने दुष्कर्म के आरोप में कोर्ट से बरी होने के बाद पुन: दुष्कर्म को अंजाम दिया जबकि सजा पूरी करने के बाद एक व्यक्ति ने फिर से दुष्कर्म किया।  इसी प्रकार, जेल से फरार होने के बाद 2 आरोपियों ने पुन: बलात्कार की घटना की।

सामूहिक आत्महत्या के 32 प्रकरण :

प्रदेश में परिवार सहित सामूहिक आत्महत्या के पांच सालों में कुल 32 प्रकरण पुलिस द्वारा दर्ज किये गये हैं जिनमें कुल 91 व्यक्ति मारे गये। इन 32 प्रकरणों में मरने वालों में पुरुष 20, महिलायें 32 एवं बच्चे 39 शामिल हैं।

गृह विभाग के अनुसार, परिवार सहित सामूहिक आत्महत्या के प्रकरणों में 23 प्रकरण पारिवारिक कारणों से, 2 प्रकरण बीमारी के कारण तथा एक-एक प्रकरण दहेज प्रताडऩा, जमीनी विवाद, झूठे केस में फंसाने की धमकी, कर्ज से परेशान, गरीबी, विवाह समाज द्वारा स्वीकार न करने एवं अज्ञात कारण से घटित हुये।