मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सीहोर नगर के गौरव दिवस के अवसर पर सीहोर पहुँचे। इस दौरान उन्होंने सर्वप्रथम सैकड़ाखेड़ी स्थित शहीद स्थल पहुंचकर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि 14 जनवरी 1858 को सीहोर में स्वतंत्रता के प्रथम संग्राम में 356 क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इस स्थान पर भव्य स्मारक बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सीहोर का यह स्थल हम सबके लिए पवित्र स्थान है।

यह स्थान हमें उन वीरों की वीर गाथा याद दिलाता है, जिन्होंने हमारे देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने में जरा भी संकोच नही किया। हम सभी का सौभाग्य है कि हमने उस धरती में जन्म लिया, जहां असंख्य क्रांतिकारियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने गुलामी की जंजीरों को तोड़ने के लिए अपने प्राणो की आहुति दी।

शहीद स्थल पर सांसद श्री रमाकांत भार्गव, सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर, विधायक श्री सुदेश राय, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री रवि मालवीय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गोपाल सिंह इंजीनियर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि पुष्पांजलि अर्पित की।

उल्लेखनीय है कि अंग्रेजी शासन के खिलाफ मध्य भारत में चल रहे विद्रोह में सीहोर की बर्तापूर्ण घटना को जलियांवाला बाग हत्याकांड की तरह देखा जाता है। दस मई 1857 को मेरठ की क्रांति से पहले ही सीहोर में क्रांति की ज्वाला सुलग गई थी। मेवाड़, उत्तर भारत से होती हुई क्रांतिकारी चपातियां 13 जून 1857 को सीहोर और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच गई थी।

चौदह जनवरी 1858 को अंग्रेजों से बगावत करने वाले 356 क्रांतिकारियों को जनरल ह्यूरोज के आदेश पर सीवन नदी के किनारे सैकड़ाखेड़ी स्थित चांदमारी मैदान में गोलियों से भून दिया गया था। उन वीर क्रांतियों के स्मृति में सैकड़ाखेड़ी रोड के पास चांदमारी मैदान पर शहीद स्मारक बनाया गया है।

चौहान का सीहोर गौरव दिवस पर शहरवासियों ने किया अभिनंदन

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सपरिवार सीहोर नगर के गौरव दिवस समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नगर भ्रमण भी किया। इस दौरान नगरवासियों ने पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री श्री चौहान का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी शहरवासियों को गौरव दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। नगर भ्रमण के दौरान बड़ी संख्या में शहर के अनेक सामाजिक संस्थाओं, व्यवसासियों, नागरिकों, युवाओं, बच्चों तथा महिलाओं ने मुख्यमंत्री श्री चौहान का फूल माला पहनाकर स्वागत सत्कार किया।