मध्यप्रदेश में एक ओर जहां सरकार लाड़ली बहना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएं लागू कर रही है, तो वहीं प्रदेश की युवतियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। ताज़ा मामला धार शहर के वसंत विहार कॉलोनी से सामने आया है। यहां पर बुधवार सुबह 11 बजे एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही सीएसपी देवेंद्र धुर्वे सहित पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए। नौगांव थाना प्रभारी ने बताया कि युवती की गोली मारकर हत्या की गयी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। युवती पर फायरिंग करने वाले का अब तक पता नहीं चल सका है। 

जानकारी के अनुसार शीतला माता मंदिर के पास वसंत विहार में रहने वाली पूजा चौहान संजय कॉलोनी कोर्ट में पेशी के लिए जा रही थीं। इसी बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है, कि आरोपी पर युवती ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज करवाया था। जिसकी सुनवाई कोर्ट में चल रही थी।