जबलपुर में दिल्ली के कंझावला जैसा हादसा सामने आया है। बुधवार की रात को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक को चला रहा मेडिकल का छात्र चला रहा दूर जा गिरा, वहीं मेडिकल की छात्रा ट्रक में फंस गई। ट्रक मेडिकल छात्रा को 50 मीटर तक घसीटता ले गया जिससे उसकी मौत हो गई। 

हादसा भेड़ाघाट से तिलवाड़ा जाने के रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर हुआ। यहां से गुज़र रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को टक्कर मार दी। बाइक को मेडिकल का छात्र चला रहा था। युवक ट्रक की चपेट में आकर दूर जा गिरा, जबकि मेडिकल की छात्रा ट्रक में फंस गई।

ट्रक चालक ने बचकर भाग निकलने के लिए ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी और 50 मीटर तक छात्रा ट्रक के साथ घसिटती चली गई। इस वजह से छात्रा का शरीर बुरी तरह से छलनी हो गया। छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।

घायल छात्र को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है। इस घटना से आक्रोशित लोग और मेडिकल के छात्र बड़ी संख्या में अस्पताल में जमा हो गए। इसके बाद मेडिकल में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि शहडोल निवासी रूबी ठाकुर और रीवा निवासी सौरभ ओझा नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र थे। बुधवार की रात सौरभ और रूबी तिलवाड़ा गए थे। रात करीब दस बजे दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। 

सौरभ बाइक पर सवार होकर भेड़ाघाट बायपास चौरसता से तिलवाड़ा जाने वाली सर्विस लेन लेकर आ रहा था। इसी सड़क पर भोपाल से नागपुर जा रहे ट्रक से टक्कर होने पर ये दर्दनाक हादसा हुआ है।