राजधानीवासियों के लिये दूध की कीमतें भी महंगाई के दौर में नया सिरदर्द हैं। पहले सांची दुग्ध संघ ने अपने उत्पाद की कीमतें बढाई तो अब सौरभ और श्रीधी दूध के रेट भी आज से बढ़ गए हैं। प्रति लीटर पर 2-2 रुपए बढा दिये गये हैं। सौरभ के रेट सोमवार से बढ़े, तो श्रीधी मंगलवार को नए रेट पर मिल रहा है। सभी वैरायटियों के रेट में बढोतरी की गई है।

भोपाल में पैकेट वाले दूध में सबसे ज्यादा बिक्री सांची दूध की होती है। रोजाना करीब तीन लाख लीटर तक दूध बेचा जाता है। जबकि अमूल दूध खपत 80 हजार लीटर है। इसके बाद सौरभ, श्रीधी, मदर डेयरी के दूध भी पैकेट में बिकते हैं। मदर डेयरी ब्रांड के दूध की ज्यादातर खपत शहर में ही होती है। हालांकि भोपाल में पैक्ड दूध की तुलना में खुले दूध की बिक्री ज्यादा होती है।

खुले दूध की खपत 6 से 8 लाख लीटर तक प्रतिदिन है। श्रीधी ने अपने 12 में से 11 वैरायटी के दूध के रेट बढ़ाए हैं। माना जा रहा है कि भोपाल केसांची दूध के रेट दो दिन पहले बढ़ने के बाद अब अन्य दूध उत्पादकों को भी भाव में इजाफा करने का रास्ता मिला है। फुल क्रीम दूध (गोल्ड) का आधा लीटर के दूध के रेट 31 रुपए थे, जो अब 32 रुपए हो गए हैं। वहीं, एक लीटर पैकेट के रेट 61 से बढ़कर 63 रुपए हो गए हैं।

टोंड दूध (ताजा) 25 से बढ़कर 26 रुपए और डबल टोंड दूध (स्मार्ट) की कीमत 23 से बढ़कर 24 रुपए हो गई है। वहीं रिकम्ड मिल्क लाइट का आधा लीटर का पैकेट 20 की जगह 21 रुपए में दिया जा रहा है। चाय स्पेशल दूध के एक लीटर दूध के पैकेट के रेट 49 से बढ़कर 51 रुपए और चाह दूध के रेट 54 रुपए से बढ़कर 56 रुपए हो गए हैं। डबल टोंड दूध (स्मार्ट) का 200 एमएल के पैकेट की कीमतें नहीं बढ़ाई गई है।

अंडे भी आसमान पर

इसी तरह राजधानी में अंडे के दाम भी सर्दियों में आसमान पर हैं। आलम यह कि फुटकर विक्रेता अंडे के प्रति नग आठ से नौ रूपये तक वसूल रहे हैं। हालांकि अंडे के रेट रोज तय होते हैं और सरकारी वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहते है लेकिन अंडा विक्रेताओं का इस पर कोई असर नहीं है। अंडे के दामों पर अंकुश की कोई व्यवस्था नहीं होने से भी विक्रेताओं को मनमानी का मौका मिल रहा है।