मध्यप्रदेश में वोटों की गिनती के लिए बस चंद घंटे बाकी है। मध्य प्रदेश समेत पांचों राज्यों में विधानसभा चुनाव के नतीजों का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। इसी बीच चुनाव नतीजों से ठीक एक दिन पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ा दावा किया है।
देश में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि प्रदेश में बीजेपी भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और अपार समर्थन भारतीय जनता पार्टी के साथ है, जिससे स्पष्ट है कि राज्य में एक बार फिर 'कमल' खिलने जा रहा है।
सीएम शिवराज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को अपनी प्यारी बहनों का तो आशीर्वाद मिला ही है, साथ ही भांजी-भतीजों का भी समर्थन भी मिला है। उन्होंने कहा कि इस बार सीटों को लेकर सारे अनुमान फेल हो जाएंगे। इसलिए बीजेपी भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।
उन्होंने कहा कि मोदी जी के प्रति प्यार और विश्वास, केंद्र सरकार और मध्य प्रदेश सरकार की अद्भुत योजनाएं, मध्य प्रदेश में जो विकास हुआ है वह अद्भुत और अभूतपूर्व है, इसलिए जनता का विश्वास और स्नेह, प्यार और आशीर्वाद मिला। कुल मिलाकर समाज के हर वर्ग ने भारतीय जनता पार्टी को अभूतपूर्व समर्थन दिया है और हम भारी बहुमत के साथ यहां सरकार बनाने जा रहे हैं।