विधानसभा चुनाव के पहले मप्र को एक और वंदे भारत एक्सप्रेस मिलेगी। यह मप्र आर्थिक राजधानी इंदौर से चलकर भोपाल पहुंचेगी और यहां से जबलपुर तक जाएगी। इसके चलने से मप्र के यात्रियों को तीनों मुख्य शहरों के बीच यात्रा करना बहुत आसान हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि हाल ही में भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से हजरत निजामुद्दीन तक मप्र की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस चली है, जिसे अच्छे यात्री मिल रहे हैं।
इस तरह अब मप्र से दिल्ली पहुंचने के लिए रेल यातायात काफी आसान हो गया है क्योंकि पहले से शताब्दी एक्सप्रेस थी अब वंदे भारत एक्सप्रेस मिल गई है। इसके अलावा दोनों शहर को जोड़ने वाली राजधानी-एक्सप्रेस भी चल रही हैं, जो अलग-अलग शहरों तक जाती है। इनमें भी बड़ी संख्या में यात्री यात्रा करते हैं।
भोपाल से इंदौर के बीच नहीं है कोई हाईस्पीड ट्रेन
भोपाल से इंदौर के बीच अभी कोई भी हाईस्पीड ट्रेन नहीं हैं। यहां तक की राजधानी और दुरंतों जैसी ट्रेनों की सेवा भी नहीं है जिसके कारण यात्रियों को दोनों शहरों के बीच यात्रा करने में परेशानी होती है। ये एक्सप्रेसव सुपरफास्ट ट्रेनों से जाते हैं जो अपेक्षाकृत अधिक समय में पहुंचाती है।
चार्टर्ड बसों के भरोसे हैं यात्री
दोनों ही मुख्य शहरों के बीच जल्दी यात्रा करने के इच्छुक यात्री चार्टर्ड बसों पर निर्भर रहते हैं, कुछ तो टैक्सी का उपयोग करते हैं और कुछ यात्री ऐसे भी होते हैं जो फ्लाइट की मदद लेते हैं।
वंदे भारत एक्सप्रेस बनाएगी यात्रा को आसान
इंदौर से भोपाल के रास्ते जबलपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस तीनों ही शहरों के बीच यात्रा को आसान बना देगी। रेलवे सूत्रों की माने तो इन तीनों ही शहरों में यह ट्रेन कम से कम समय में पहुंचाएगी। यात्री एक ही दिन में तीनों शहरों के बीच आना-जाना कर सकेंगे।