राज्य में 6 नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे साथ ही सरकारी कर्मचारियों अधिकारियों के तबादले अब 7 जुलाई तक हो सकेंगे। इससे पहले तबादलों में 30 जून तक की छूट दी गई थी। बुधवार को राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में यह फैसला किया गया है।

राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में धार, खरगौन, भिंड, बालाघाट, टीकमगढ़ और सीधी में एमबीबीएस की सौ-सौ सीटों वाले मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए अठारह सौ करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई।

बैठक में आरबीसी के नियम में संशोधन करते हुए केला क्षतिपूर्ति राशि में वृद्धि की गई है। इसके अलावा दीनदयाल रसोई योजना में मामा की थाली भी देने की योजना को मंज़ूरी दी गई।  वहीं 33 नवीन सीएम राइज स्कूल निर्माण के लिए 1335 करोड़ की स्वीकृति, 24000 करोड़ की विद्युत सब्सिडी को स्वीकृति भी दी गई।

एमएसपी पर ग्रीष्मकालीन मूंग और उड़द के उपार्जन में निराश्रित शुल्क में छूट तथा मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के चतुर्थ चरण में 2 वर्षों के लिए 17 सौ करोड़ रुपए की स्वीकृति भी दी गई। कैबिनेट ने आज सीहोर की भेरुन्दा सीप अम्बर कंपलेक्स सिंचाई परियोजना फेस 2 के लिए 190 करोड़ की योजना पर भी मुहर लगाई है।