मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के एमवीएम ग्राउन्ड पर आयोजित फौजी मेले और शस्त्र प्रदर्शनी का बुधवार को उद्घाटन किया। इस मौके पर बोलते हुए सीएम शिवराज ने भारत की सेना दुनिया की सबसे शक्तिशाली और सक्षम सेना बताया। 

सीएम शिवराज ने कहा कि हमारी सेना सीना ताने सीमा पर खड़ी रहती है। आज हम इसलिए सुरक्षित हैं क्योंकि धूप, गर्मी, बरसात और सर्दी में भी हमारे सेना के जवान सीमाओं पर तैनात रहते हैं। रेगिस्तान की गर्मी हो या लेह-लद्दाख, सियाचिन का कड़कड़ाती सर्दी, हमारे जवान हर परिस्थिति में सीमाओं की सुरक्षा का काम करते हैं। 

सीएम शिवराज ने आगे कहा कि हमारी सेना अद्भुत है, हर चुनौती का जवाब देने में सक्षम है। हमारी सेना धर्म के विजय के लिए कार्य करती है। मैं सेना के शौर्य, साहस, शूरवीरता और समर्पण को प्रणाम करता हूँ। हमारे जवानों ने देश सेवा करते हुए सदैव अभूतपूर्व साहस का प्रदर्शन किया। जब भी जरूरत पड़ी, तो मातृभूमि की सेवा के लिए सीने पर गोली खाई, शत्रुओं की गोली कभी हमारे जवानों ने पीठ पर नहीं खाई।

आपको बता दें कि फौजी मेले में भारतीय थल सेना, वायु सेना और नौसेना के सभी तीनों अंग अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर रहे हैं। मेला 29 मार्च से शुरु होकर 2 अप्रैल तक चलेगा। मेले को आयोजित किए जाने का उद्देश्य भारतीय सेना की ताकत को आम लोगों के साथ साझा करना है। 

मेले में भर्ती को लेकर भी युवाओं को जानकारी दी जाएगी। पांच दिवसीय फौजी मेले में लोगों को भारतीय सेना, उनके हथियार, उनके प्रशिक्षण कौशल, युद्ध की अति आधुनिक तकनीक, टैंक, भारी तोपों आदि के बारे में जानकारी मिलेगी।

मेले में सेना के विमान, जेट लड़ाकू विमान, लड़ाकू हेलीकॉप्टर और अन्य लड़ाकू उपकरणों को भी साझा किया जाएगा। वहीं, नौसेना इस समारोह में युद्ध पोतों, पनडुब्बियों और अन्य आधुनिक उपकरणों की जानकारी साझा करेगी।