मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय में केरल के कुछ छात्रों का मामला तूल पकड़ गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और शशि थरूर के अलावा केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। 

इधर मामले के तूल पकड़ते ही विवि प्रबंधन ने जांच कमेटी का गठन कर दिया है। साथ ही तीन सुरक्षाकर्मियों रामेश्वर माजी, वीरेंद्र सिंह और खींबालाल मेहरा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।'

विवाद की खबर लगते ही केरल से पांच सांसद (2 लोकसभा और 3 राज्यसभा सदस्य) छात्रों के बचाव में उतर आए। उन्होंने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रकाशमणि त्रिपाठी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। राज्यसभा सांसदों ने धर्मेंद्र प्रधान को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है। 

आपको बता दें कि पूरा मामला अनूपपुर स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय का है। 10 मार्च को यूनिवर्सिटी के एक गार्ड और कुछ छात्रों के बीच झगड़ा हो गया। जिसमें चार छात्र और एक गार्ड घायल हो गया। घायल छात्रों के नाम नसील, अभिषेक, अदनान, आदिल हैं। 

ये सभी इसी यूनिवर्सिटी के छात्र हैं और केरल के रहने वाले हैं। नसील एमएसडब्ल्यू, आदिल बीए, अभिषेक एमए और अदनान एमएससी जूलॉजी के छात्र हैं जिसे शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।