मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान किसी न किसी बात के चलते सुर्खियों में बने रहते हैं। रविवार को शिवराज एक अलग ही रूप में नजर आए। मौका था भोपाल के हमीदिया कलेज में पूर्व छात्रों के लिए आयोजित किए गए कार्यक्रम का। यहां मंच पर शिवराज सिंह 'अहसान मेरे दिल पर तुम्हारा है दोस्तों' गा रहे हैं। उन्होंने खुद कार्यक्रम से जुड़ा एक वीडियो 'एक्स' पर पोस्ट किया है जिसे खूब लाइक्स मिल रहे हैं। वीडियों में वह अपने दोस्तों के साथ गाना गाते और डांस करते नजर आ रहे हैं।
दरअसल यह गाना शिवराज सिंह चौहान ने अपने दोस्तों को समर्पित किया है जिसमें सभी दोस्त डांस करते नजर आ रहे हैं। बाद में चौहान ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया और लिखा, "दुनिया में बाकी सभी दोस्त पीछे छूट जाते हैं लेकिन दोस्ती कभी खत्म नहीं होती, दोस्त हमेशा हमारे साथ रहते हैं।" आज उन पलों को फिर से जी लें।
शिवराज सिंह चौहान हमीदिया कॉलेज के छात्र रहे हैं। उन्होंने यहीं से दर्शनशास्त्र में एमए किया है। दरअसल, यह कार्यक्रम कॉलेज के पूर्व छात्रों के स्वागत के लिए आयोजित किया गया था। वीडियो को देखकर ऐसा लग रहा है कि ये शिवराज सिंह चौहान के बैचमेट हैं जिनके बीच वो गाना गा रहे हैं। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं और सभी लोग पूर्व मुख्यमंत्री के गाने का आनंद ले रहे हैं। गाने पर तालियां भी साफ सुनी जा सकती हैं।
यह पहली बार नहीं है जब शिवराज सिंह चौहान को सार्वजनिक रूप से गाते हुए देखा गया है। एक बार तो उन्हें कैलाश विजयवर्गीय के साथ जुगलबंदी करते हुए भी देखा गया था। 2021 में एक वीडियो सामने आया जब दोनों ने एक असेंबली में म्यूजिकल परफॉर्मेंस दी। इसी दौरान दोनों ने शोले का गाना 'ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे' गाया था।