राजधानी भोपाल में शनिवार को पटवारी भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर शनिवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भोपाल शहर जिला अध्यक्ष मोनू सक्सेना घायल हो गए। वहीं एक महिला कार्यकर्ता को भी चोट आई। कांग्रेस ने पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने लाठीचार्ज से इंकार किया है।
पटवारी परीक्षा के परिणाम को लेकर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता CM हाउस का घेराव करने निकले थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बाणगंगा चौराहा पर बैरिकेड्स लगाकर रोक लिया। जब कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने की कोशिश की तो तो पुलिस ने वाटर कैनन चलाकर उन्हें खदेड़ दिया।
इस दौरान भोपाल शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोनू सक्सेना घायल हो गए। उनकी आंख के नीचे चोट आई है। एडीशनल DCP राजेश सिंह भदौरिया के मुताबिक़ पुलिस ने कोई लाठीचार्ज नहीं किया। बैरिकेड गिराने पर सभी घायल हुए हैं। कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोट आईं हैं। प्रदर्शन की अनुमति भी नहीं ली गई थी।
इधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग को आरोप लगाया है। उन्होंने लिखा कि सरकार के इस अत्याचार से ना तो कांग्रेस के कार्यकर्ता डरने वाले हैं और ना मध्य प्रदेश की जनता। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता दोगुने उत्साह से कुशासन को उखाड़ फेंकने की लड़ाई लड़ता रहेगा।