मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर दिल्ली में शनिवार को कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक होगी। बैठक में मध्यप्रदेश के उम्मीदवारों पर मुहर लग सकती है। करीब 150 सीटों पर नाम तय होने की उम्मीद है। हालांकि सूची 16 तारीख के बाद ही जारी होने की बात सामने आ रही है।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अंबिका सोनी, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद, केसी वेनुगोपाल, मधुसूदन मिस्त्री जैसे शीर्ष पार्टी नेता मौजूद रहेंगे।
वहीं एमपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ, प्रभारी रणदीप सुरजेवाला, एमपी स्क्रीनिंग कमिटी के प्रमुख जितेंद्र सिंह, प्रदेश के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, कांतिलाल भूरिया भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
गौरतलब है कि भाजपा अब तक अपने 79 उम्मीदवारों के नाम का एलान कर चुकी है। पहली दो सूचियों में भाजपा ने 39-39 उम्मीदवारों के नाम का एलान किया था वही तीसरी लिस्ट में केवल एक नाम घोषित किया गया था।