MP में मिशन 29 पर BJP का मंथन, 7 क्लस्टर में मंत्रियों को जिम्मेदारी


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा की मंगलवार को दिल्ली में बड़ी बैठक..!!

मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा की मंगलवार को दिल्ली में बड़ी बैठक हो रही है। बैठक में  प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों को लेकर रणनीति को अंतिम रूप दिया जाना है। बताया जा रहा है कि भाजपा ने प्रदेश की 9 लोकसभा सीटों को 7 क्लस्टर में बाँट कर बड़े नेताओं को जिम्मेदारी दिए जाने का प्लान तय किया है।

दिल्ली की इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, हितानंद शर्मा के भी मौजूद  रहने की बात सामने आ रही है। इससे पहले भी कल भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा से  मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुलाक़ात की थी

बताया जा रहा है कि बैठक में एक-एक सीट को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। वहीं विधानसभा चुनाव में जिन क्षेत्रों में भाजपा कमजोर साबित हुई, उन सीटों पर स्पेशल फोकस करने की रणनीति तैयार होगी। खासकर छिंदवाडा लोकसभा, मुरैना, भिंड, धार ग्वालियर लोकसभा सीटों पर भाजपा की तुलना में कांग्रेस को ज्यादा वोट मिले हैं। इन सीटों पर केंद्रीय संगठन की भी नजर है। इन पर विशेष रूप से सभी नेताओं का फोकस रहेगा।

फिलहाल भाजपा के पास 29 में से 28 लोकसभा सीटें हैं। विधानसभा चुनाव में मिली प्रचंड जीत के बाद भाजपा का लोकसभा मिशन 29 है जिस पर काम तेजी से चल रहा है। इसी तारतम्य में भाजपा ने राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर  दीवार लेखन शुरू किया है। जानकारों की मानें तो प्रदेश भाजपा संगठन इस बार छिंदवाड़ा सीट को कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ से छीनने के पूरे प्रयास करेगी, इसके लिए संगठन किसी बड़े नेता को इस सीट से चुनाव लड़ा सकती है।