MP चुनाव: कार्यकर्ता ही ताकत, बूथ मैनेजमेंट में जुटी BJP


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

वीडी शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्याशी कमल का फूल होता है, हमारे बूथ कार्यकर्तागण एक प्रत्याशी के रूप में परिश्रम कर अपने बूथ विजय के संकल्प को साकार करते हैं..!

भाजपा इस वक्त भोपाल से लेकर उमरिया व शहडोल तक बूथ पर जोर दे रही है। भाजपा के चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने भोपाल उत्तर सीट के लिये बूथ मैनेजमेंट व पन्ना प्रभारियों के कामकाज की समीक्षा बैठक की तो भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने शहडोल में कहा कि बूथ पर बैठा हमारा कार्यकर्ता ही ताकत है। चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी तो निमित्त मात्र होते हैं, प्रत्याशी के साथ हमारा बूथ का कार्यकर्ता ही चुनाव लड़ता है। बूथ का कार्यकर्ता ही चाणक्य होता है। 

शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्याशी कमल का फूल होता है, हमारे बूथ कार्यकर्तागण एक प्रत्याशी के रूप में परिश्रम कर अपने बूथ विजय के संकल्प को साकार करते हैं। उमरिया और शहडोल में जिला कार्यालय का उद्घाटन कर कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष बूथ कार्यकर्ताओं को बूथ विजय का संकल्प दिलाया। उन्होंने विजयराघौगढ और बडवारा में भी कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया।

कांग्रेस को लॉक कर चाबी तालाब में फेंके - सिंधिया

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अशोकनगर में पार्टी प्रत्याशी जजपाल सिंह जज्जी, चाचौड़ा में पार्टी प्रत्याशी प्रियंका मीणा, राधौगढ़ में हिरेंद्र सिंह बंटी बना एवं शिवपुरी में देवेंद्र जैन के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि 2018 में कांग्रेस सत्ता में आई थी तो कांग्रेस सरकार ने संबल योजना, कन्यादान योजना व 51 सामाजिक योजनाएं बंद कर दी थीं, आशा बहनों के पैसे काट लिए थे। अगर इस बार फिर कांग्रेस सत्ता में आई तो लाड़ली बहना योजना और मेरे किसान भाइयों की सम्मान निधि जैसी गरीब कल्याण की सभी योजनाओं को बंद करने का काम करेगी। इसलिए मतदान के दिन भाजपा के पक्ष में मतदान कर और कांग्रेस को लॉक करके चाबी बेतबा में फेंक दें।

यादव ने कहा- कलंकित कार्यकाल ....

पूर्व केन्द्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरूण यादव ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के राज में हुए भ्रष्टाचार और घोटालों ने मप्र को कलंकित कर दिया है। मुख्यमंत्री के 18 वर्षीय कार्यकाल में हर महिने घोटाले पर घोटाले हुए और भ्रष्टाचार ने मप्र को दागदार कर दिया ।यादव ने निमाड अंचल की तीन विधानसभा क्षेत्रों हरसूद, टिमरनी और हरदा का दौरा कर कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी बहुमत के साथ विजयी बनाने की अपील की । हरसूद में कांग्रेस प्रत्याशी सुखराम साल्वे के चुनाव कार्यालय में श्री यादव ने कार्यकर्ताओं से भेंट की । सिराली और हरदा में राहुल गांधी की आगामी 13 नवम्बर को होने वाली आमसभा की तैयारियों का जायजा लिया।

वीडियो पर क्यों चुप है पीएम- आनंद शर्मा

पूर्व केंद्रीय मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा कि मुझे हर किसी से सामान्य बात करने पर सुनकर बड़ा दुख हुआ कि यहां पर भाजपा की सरकार में बहुत ही भ्रष्टाचार है व्यापम, नर्सिंग, पटवारी घोटाला आज हमारे सामने है, इन्होंने तो भगवान को भी नहीं छोड़ा, उज्जैन महाकाललोक में भी घोटाला किया। शर्मा ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि कृषि मंत्री तोमर के बेटे का 100 करोड़ रूपये वाला वीडियो आया है पर प्रधानमंत्री चुप है। देश का कोई भी संस्थान नहीं बची है जिसका दुरूपयोग ना किया जा रहा हो। मप्र में भाषा ने चोरी से सरकार बनाई थी।

आज छिंदवाड़ा में वीडी, पन्ना में योगी की सभाएं

विधानसभा चुनाव प्रचार के लिये आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बडवानी, खरगौन, खण्डवा, राजगढ़ एवं सीहोर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पन्ना, पृथ्वीपुर, उदयपुरा और नरसिंहपुर, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा खण्डवा, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा छिंदवाडा, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना, उज्जैन, देवास एवं इंदौर, साध्वी निरंजन ज्योति नर्मदापुरम, बालाघाट, सिवनी, जयभान सिंह पवैया उज्जैन, मनोज तिवारी भोपाल की विधानसभाओं में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे हैं।