मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है। 88 नामों वाली इस लिस्ट के जारी होने के साथ ही कुछ बदलावों के साथ अब तक कांग्रेस ने 229 सीटों पर उम्मीदवार तय कर लिए हैं। इसी के साथ अब सबकी नज़रें अब बीजेपी की पांचवी लिस्ट पर लगी हैं।
पांचवीं सूची के इंतजार के बीच बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक शुक्रवार को दिल्ली में हो रही है। माना जा रहा है कि राज्य के बाकी 94 उम्मीदवारों के नामों पर इस बैठक में मुहर लग जाएगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार शाम 6 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बीजेपी सीईसी की बैठक होगी। बैठक में मध्यप्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना के उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा होगी। कहा जा रहा है कि इस बैठक के बाद भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी कर सकती है।
बैठक में आठ मंत्रियों समेत 66 विधायकों पर फैसला होगा। 94 सीटों में 27 सीटें ऐसी है जहां भाजपा काे पिछले विधानसभा चुनाव में हार मिली थी। सूची को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा से कई दौर की चर्चा हो चुकी है।