BJP का बूथ विस्तारक अभियान 2.0 मंगलवार से शुरू हो गया है। अभियान में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता विस्तारक के रूप में शामिल हुए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज चौहान भोपाल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के कम्युनिटी हाल में बूथ विस्तारक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे वहीं प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भोपाल मध्य विधानसभा क्षेत्र के शाहपुरा में पार्टी का काम किया। 

वीडी शर्मा ने इस मौके पर अपने संबोधन में कहा कि बूथ विस्तारक अभियान-2 एक बहुआयामी अभियान है। अभियान-1 में हमने डिजीटल बूथ बनाने का अभियान लिया था जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने देश में इतिहास बनाया है। 

आज मध्यप्रदेश की पूरी भारतीय जनता पार्टी बूथों पर होगी। केंद्रीय मंत्री अमित शाह जी का बूथ जीतने का जो संकल्प है।  प्रत्येक बूथ पर 51 प्रतिशत वोट शेयर लेकर आने की रणनीति के साथ बूथों को सशक्त बनाना है। 

भाजपा का यह अभियान 10 दिनों तक चलेगा, जिसमें मुख्यमंत्री, कैबिनेट के मंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, सभी सांसद-विधायक भी बूथ पर जाएंगे। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में विस्तारक के रूप में कार्यक्रम में सहभागी बने। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बूथ समिति, पन्ना समिति, पन्ना प्रभारी के नियुक्ति और पार्टी द्वारा अलग- अलग कामों के लिए बनाए जाने वाले समूह के गठन की प्रक्रिया में हिस्सा लेना शुरू किया है। यह अभियान 25 मार्च तक चलेगा।