विधानसभा चुनाव में खास रणनीति के तहत भाजपा ने कांग्रेस के कब्जे वाली सीटों पर नजर जमा रखी है। इन सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा के बाद अब भाजपा चुनाव प्रचार में ताकत झोंकने जा रही है।
इस सिलसिले में राजधानी की भोपाल उत्तर सीट पर बुधवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान रोड शो करेंगे। सीएम शिवराज का यह रोड शो शाम चार बजे प्रांरभ होगा। यह सीट लम्बे समय से कांग्रेस के कब्जे में है।
मुस्लिम बाहुल्य इस सीट पर भाजपा ने इस बार पूर्व महापौर आलोक शर्मा पर दांव खेला है। सीएम शिवराज का रोड शो भी मुस्लिम बाहुल्य इलाके काजी कैंप में होना है। आलोक शर्मा दूसरी बार इस सीट पर चुनावी मैदान में हैं।
इससे पहले आलोक शर्मा को कांग्रेस विधायक आरिफ अकील के हाथों ही शिकस्त मिली थी। आरिफ अकील लंबे समय से अस्वस्थता के चलते सक्रिय नहीं हैं। कांग्रेस उनके स्थान पर अभी टिकट का फैसला भी नहीं कर पाई जिसका पूरा लाभ उठाने के प्रयास में भाजपा ने यहां अपनी पहली ही लिस्ट में आलोक शर्मा पर मुहर लगा दी थी।